बोकारो में सड़क हादसे में एक महिला की मौत

 


बोकारो, 07 अप्रैल (हि.स.)। शहर में लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। रितुडीह और 12 मोड़ इलाके में हुए दो अलग-अलग हादसों में एक महिला की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। इन घटनाओं के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।

रितुडीह इलाके में सेक्टर 3सी निवासी सुनील कुमार राम की पत्नी रिंकू देवी अपनी बेटी दिव्या कुमारी के साथ स्कूटी से बालीडीह से लौट रही थीं। शिव मंदिर और दुर्गा मंदिर के बीच पीछे से आ रहे गिट्टी लदे तेज रफ्तार ट्रक के हॉर्न से उनका संतुलन बिगड़ गया।

वे सड़क पर गिर पड़ीं और ट्रक की चपेट में आ गईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में उनकी बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसका इलाज स्थानीय नर्सिंग होम में चल रहा है।

घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर मुआवजे और सुरक्षा की मांग की। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और जांच शुरू की।

वहीं दूसरी घटना 12 मोड़ इलाके में एक बेकाबू कार ने बाजार ले लौट रहे निषाद खान और उनकी दो बेटियों को टक्कर मार दी। हादसे में निषाद खान गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनकी एक बेटी के पैर में चोट आई है। चालक घटना के बाद फरार हो गया।

स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपित चालक की तलाश शुरू कर दी है।

लगातार हो रहे हादसों से लोगों में दहशत है। नागरिकों ने प्रशासन से सख्त ट्रैफिक नियंत्रण, स्पीड मॉनिटरिंग और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है, ताकि ऐसे हादसों पर रोक लगाई जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल कुमार