महिला ने कीटनाशक खाकर की खुदकुशी
दुमका, 29 मार्च (हि.स.)। बहन के शादी में डांस कर रहे पति को मना करने के बाद नहीं मानने पर गुस्से में पत्नी ने कीटनाशक खाकर खुदकुशी कर ली। यह घटना जिले के गोपीकांदर थाना क्षेत्र के शहरो गांव में शनिवार को देर रात घटी। जहां एक 19 वर्षीय विवाहिता ने पति के साथ हुए विवाद में कीटनाशक दवा खाकर खुदकुशी कर ली है।
जानकारी के अनुसार विवाहिता शोभिया देवी की शादी एक साल पूर्व शहरो गांव के मनोज राय के साथ हुई थी। महिला को कोई संतान नहीं है। मनोज राय की चचेरी बहन की शादी रविवार को होनी थी। शनिवार को शादी की रस्म अदा की जा रही थी। शादी को लेकर घर को सजाया-संवारा जा रहा था और डीजे पर गाना भी बजाया जा रहा था। रिश्तेदारों के साथ पति मनोज राय भी शादी की खुशी में डांस कर रहा था।
इसी बीच पत्नी शोभिया देवी को पति के डांस करने पर नागवार गुजरा। वह पति से डांस करने से मना करने लगी, लेकिन पति अपनी पत्नी की बात सुनने को तैयार नहीं था। मनोज राय ने पत्नी से कहा कि मेरी बहन की शादी है। इसलिए वह खुब डांस करेगा। बात नहीं मानने पर नाराज पत्नी ने कमरे में जाकर चूहे मारने की दवा खा ली।
परिजनों ने जब महिला को तड़पते देखा तो उसे आनन-फानन में इलाज के लिए दुमका के पीजेएमसीएच में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। खुशी का माहौल परिवार में मातम पसर गया। महिला के साथ केवल उसके ससुर ही पीजेएमसीएच आए थे।
ससुर जितू राय ने बताया कि छोटे से विवाद में बहू नाराज हो गई और कीटनाशक दवा खा ली। नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंच परिजनों का फर्द बयान लेने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया। शव का पोस्टमार्टम होने के बाद पुलिस ने उसके परिजनों को सौंप दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नीरज कुमार