साइबर ठगी मामले में महिला गिरफ्तार
देवघर, 10 मई (हि.स.)। देवघर पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर जिले में साइबर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने एक महिला साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस उपाधीक्षक (साइबर अपराध) राजा कुमार मित्रा के निर्देशन में 9 मई 2026 को की गई।
गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस को जानकारी मिली थी कि कुछ साइबर अपराधी फ्लिपकार्ट, अमेजन, एयरटेल पेमेंट बैंक तथा फोन पे के फर्जी कस्टमर केयर प्रतिनिधि बनकर लोगों से ऑनलाइन ठगी कर रहे हैं।
इसके अलावा पीएम किसान योजना और लोन दिलाने के नाम पर भी लोगों को झांसा दिया जा रहा था। छापेमारी के दौरान पथरौल थाना क्षेत्र के लेड़वा गांव निवासी रूबी कुमारी, पिता सुनील दास, को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, उसके पास से बरामद मोबाइल फोन और सिम कार्ड की प्रारंभिक जांच में साइबर ठगी में संलिप्तता के प्रमाण मिले हैं। उसके विरुद्ध पूर्व में कोई आपराधिक इतिहास दर्ज नहीं है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपित फर्जी गूगल पे, फोन पे और पेटीएम कस्टमर केयर अधिकारी बनकर कैशबैक का लालच देती थी और उपभोक्ताओं से गिफ्ट कार्ड बनवाकर उसे रिडीम कर लेती थी। इसके अतिरिक्त, फर्जी एयरटेल पेमेंट बैंक अधिकारी बनकर एयरटेल थैंक्स ऐप के माध्यम से बैंक कार्ड बंद करने और दोबारा चालू कराने के नाम पर ठगी करती थी। गिरफ्तार महिला के पास से एक मोबाइल फोन और एक सिम कार्ड बरामद किया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy