दुमका में युवक की कुल्हाड़ी से हत्या, दोस्त पर आरोप, प्रेम प्रसंग के एंगल से जांच में जुटी पुलिस

 

दुमका, 26 जुलाई (हि.स.)। दुमका जिले में एक युवक की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दिए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मृतक के दोस्त पर हत्या का आरोप दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे कथित प्रेम संबंध का एंगल भी सामने आया है, हालांकि पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक शुक्रवार को दूसरे गांव स्थित अपने मित्र के घर गया था और रात वहीं रुका था। आरोप है कि शनिवार दिन में जब वह खटिया पर सो रहा था, तभी उसके मित्र ने कुल्हाड़ी से उस पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक के पिता ने आरोप लगाया है कि उनके पुत्र की हत्या उसके दोस्त ने ही की है। घटना के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, आरोपित की पत्नी और मृतक के बीच कथित रूप से नजदीकी संबंध थे। ग्रामीणों का अनुमान है कि इसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद यह घटना घटी। हालांकि पुलिस ने इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और मामले की जांच जारी है।

थाना प्रभारी राजेश रंजन ने बताया कि पूछताछ के दौरान ऐसी जानकारी सामने आई है कि मृतक और आरोपित की पत्नी के बीच कथित नजदीकी संबंध थे। उन्होंने कहा कि हत्या के पीछे वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार कार्रवाई कर रही है।

पुलिस के अनुसार, मृतक के विरुद्ध पूर्व में आर्म्स एक्ट और पॉक्सो एक्ट के मामलों में भी प्राथमिकी दर्ज थी तथा वह दो बार जेल जा चुका था। पुलिस का कहना है कि साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं और जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / नीरज कुमार