अस्पताल में इलाजरत देवेंद्रनाथ ने सत्याग्रह स्थल जाने की मांगी अनुमति

 


रांची, 12 अगस्त (हि.स.)।

सदर अस्पताल, रांची में इलाजरत छात्र नेता देवेंद्रनाथ महतो ने अस्पताल में भर्ती होने के बावजूद फिर से जयपाल सिंह स्टेडियम में चल रहे सत्याग्रह आंदोलन में शमिल होने का आग्रह किया है।

उन्होंने बुधवार को अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल के 11वें दिन सत्याग्रह स्थल जाने की अनुमति के लिए सदर अस्पताल के सिविल सर्जन को पत्र लिखा है।

पत्र में देवेंद्रनाथ ने कहा कि उनका शरीर अस्पताल के बिस्तर पर इलाजरत है, लेकिन उनकी आत्मा और संघर्ष का संकल्प सत्याग्रह स्थल पर है। उन्होंने कहा कि जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में झारखंड के छात्र और युवा अपने भविष्य, अधिकार और न्याय के लिए आंदोलन कर रहे हैं और वे स्वयं भी इस संघर्ष से अलग नहीं होना चाहते। उन्होंने सिविल सर्जन से आग्रह किया कि उन्हें चिकित्सकीय स्थिति को ध्यान में रखते हुए सत्याग्रह स्थल पर जाने की अनुमति प्रदान की जाए।

उल्लेखनीय है केि जेपीएससी-जेएसएससी भर्ती परीक्षाओं में कथित भ्रष्टाचार और अनियमितताओं मामले पर अनिश्चितकालीन सत्याग्रह के बीच विधानसभा मार्च के बाद आंदोलनरत महतो की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें उपचार के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। देवेंद्रनाथ महतो ने उम्मीद जताई कि उन्हें सत्याग्रह स्थल पर जाकर आंदोलनरत छात्रों के साथ खड़े होने की अनुमति मिलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar