गर्ल्स हॉस्टल की छत से गिरकर पश्चिम बंगाल की छात्रा की मौत, जांच में जुटी पुलिस

 




रांची, 11 जून (हि.स.)। रांची के लालपुर थाना क्षेत्र स्थित लोहराकोचा में एक गर्ल्स हॉस्टल में रहने वाली 19 वर्षीय छात्रा की गुरुवार देर शाम हॉस्टल की छत से गिरने की वजह से मौत हो गई। हॉस्टल संचालक की ओर से मामले की जानकारी लालपुर थाना पुलिस को दी गई। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल कर छात्रा के शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया। मौके पर एफएसएल की टीम को बुलाकर जांच भी करवाई गई । पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में मामला हादसा का लग रहा है हालांकि पुलिस खुदकुशी और हत्या दोनों ही बिंदुओं पर जांच कर रही है।

लालपुर पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक छात्रा पश्चिम बंगाल के कुल्टी की रहने वाली थी। लालपुर इलाके में स्थित गर्ल्स हॉस्टल में वह रहकर प्रतियोगिता परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी।

इस संबंध में लालपुर थाना प्रभारी रुपेश कुमार सिंह ने बताया कि हॉस्टल के चौथे माले से गिरकर गायत्री नाम की छात्रा की मौत हो गई है। जांच में यह बात भी सामने आई है कि लड़की को मिर्गी के दौरे आते थे। हॉस्टल में आने से पहले परिजनों के जरिये जो फॉर्म भर गया था उसमें गायत्री की इस बीमारी के बारे में भी बताया गया है।

लालपुर पुलिस फिलहाल मामले की गहराई से जांच पड़ताल कर रही है। मृत छात्रा के परिजनों को भी मामले की जानकारी दी गई है उनके आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे