फूटपाथ विक्रेताओं को योजनाओं से जोडने पर जोर, 14 वार्डों में लगा लोक कल्याण मेला
रांची, 05 सितंबर (हि.स.)।
रांची नगर निगम की ओर से फुटपाथ विक्रेताओं को सरकारी योजनाओं से जोड़ने और उन्हें सामाजिक और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से शनिवार को 14 वार्डों में लोक कल्याण मेला आयोजित किया गया।
इस अवसर पर आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देश पर वार्ड संख्या एक से 13 और वार्ड संख्या 47 में लगाए गए शिविरों में फुटपाथ विक्रेताओं को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने पर विशेष जोर दिया गया। निगम की ओर से शनिवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि नगर निगम का लक्ष्य फुटपाथ विक्रेताओं को आजीविका के साथ ऋण, सामाजिक सुरक्षा और सरकारी योजनाओं से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाना है। आगामी 12, 19 और 26 सितंबर को अन्य वार्डों में भी लोक कल्याण मेला आयोजित होगा।
शनिवार को लगे शिविर में फुटपाथ विक्रेताओं को पीएम स्वनिधि योजना के तहत ऋण सुविधा और क्रेडिट कार्ड योजना की जानकारी दी गई। पात्र लाभुकों का भौतिक सत्यापन करने के साथ उनके परिवार के सदस्यों को भी अन्य सरकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए सामाजिक-आर्थिक प्रोफाइलिंग की प्रक्रिया पूरी की गई। लाभुकों को योजनाओं की जानकारी देकर अधिकतम लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।
रांची नगर निगम के डे-एनयूएलएम शाखा के सीओ और सीआरपी ने आवेदन प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेजों को लेकर लाभुकों का मार्गदर्शन किया।
शिविरों में संबंधित वार्ड के पार्षद, नगर अभियान के अधिकारी पदाधिकारी सहित अन्य लोग मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar