मारवाड़ी महिला सम्मेलन की राष्ट्रीय अध्यक्ष का भव्य स्वागत

 


रांची, 15 जुलाई (हि.स.)।

अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन की राष्ट्रीय अध्यक्ष रेखा राठी, राष्ट्रीय सचिव बबीता बगड़िया, राष्ट्रीय अंचल प्रमुख अनीता अग्रवाल, प्रदेश अध्यक्ष प्रभा पाड़िया सहित अन्य पदाधिकारियों का बुधवार को रांची आगमन पर हॉलीडे होम में अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया।

इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष रेखा राठी ने रांची शाखा के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए महिलाओं से अपने हुनर को समाज सेवा से जोड़ने और निरंतर सक्रिय रहने का आह्वान किया। प्रदेश अध्यक्ष प्रभा पाड़िया ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर निर्धारित कार्यक्रमों को सुव्यवस्थित ढंग से लागू कर संगठन को और मजबूत बनाया जाए।

मौके पर रांची शाखा की अध्यक्ष सरिता अग्रवाल ने अतिथियों का स्वागत किया, जबकि शाखा सचिव उर्मिला पाड़िया ने सेवा कार्यों की रिपोर्ट प्रस्तुत की। समारोह में सीबीएसई दसवीं बोर्ड परीक्षा में 100 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाली अवनि कुमारी सहित कई छात्राओं को सम्मानित किया गया। शिव नारायण कन्या पाठशाला की छह छात्राओं को नेशनल मींस कम मेरिट स्कॉलरशिप में सफलता पर अध्ययन सामग्री दी गई। वहीं बाल विकास प्रकल्प के तहत कहानी लेखन प्रतियोगिता की विजेता बालिकाओं को सम्मानित किया गया और 23 राज्यों से प्राप्त 500 कहानियों में चयनित 50 कहानियों का वेबसाइट पर लोकार्पण किया गया।

कार्यक्रम में पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष नीरा बथवाल, राष्ट्रीय बाल विकास प्रकल्प प्रमुख रूपा अग्रवाल सहित रांची और सृजन शाखा के कई सदस्य पदाधिकारी मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar