झारखंड में मौसम का बदला मिजाज, रांची के तापमान में तीन डिग्री तक की गिरावट

 


-कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और वज्रपात की संभावना-40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती है आंधी

रांची, 09 अक्टूबर (हि.स.)। झारखंड की राजधानी रांची सहित राज्य के विभिन्न हिस्सों में पिछले कुछ दिनों से मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। बारिश के बाद धूप खिलने से तापमान में बदलाव दर्ज किया जा रहा है। राजधानी रांची में पिछले दो दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में करीब तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। बुधवार को यहां अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस था, जो शुक्रवार को घटकर 27 डिग्री के आसपास पहुंच गया।

मौसम विभाग ने शुक्रवार और शनिवार को रांची सहित राज्य के विभिन्न जिलों में गरज के साथ हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना जताई है। इस दौरान वज्रपात के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने का भी अनुमान है।

पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक 32.4 मिलीमीटर बारिश पश्चिमी सिंहभूम जिले के तांतनगर में दर्ज की गई। वहीं, सबसे अधिक अधिकतम तापमान पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा में 37.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। राज्य में न्यूनतम तापमान लातेहार में 16.9 डिग्री सेल्सियस रहा।

रांची और आसपास के इलाकों में पिछले चार-पांच दिनों से रात के समय हल्का कुहासा भी देखने को मिल रहा है।

शुक्रवार को रांची में अधिकतम तापमान 27.7 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 22.4 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 30.2 और न्यूनतम 22.7 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 30.1 और न्यूनतम 21.1 डिग्री, जबकि चाईबासा में अधिकतम तापमान 33.8 और न्यूनतम 20.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak