झारखंड में मौसम में उतार-चढ़ाव जारी, चक्रधरपुर में ३७ मिमी बारिश तो पलामू में 41 डिग्री गर्मी

 


रांची, 17 अप्रैल (हि.स.)। राजधानी रांची सहित राज्य भर में इन दोनों तापमान में काफी उतार चढ़ाव देखा जा रहा है। यही वजह की आजकल राज्य के कुछ जिले में बारिश तो कुछ जिलों में भीषण गर्मी पड़ रही है। पिछले 24 घंटों के दौरान चक्रधरपुर में 37.4 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड की गई, जबकि दूसरी ओर डाल्टनगंज में अधिकतम तापमान बढ़कर 41.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

मौसम की यह स्थिति आने वाले दिनों में भी बनी रहेगी। मौसम विभाग ने 21 अप्रैल तक राज्य के कई जिलों में प्रचंड गर्मी के कारण लू चलने की संभावना व्यक्त की है। इसे लेकर मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।

पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य में सबसे अधिक तापमान डाल्टनगंज में 41.8 डिग्री और सबसे कम तापमान कोडरमा में 20.3 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

इधर, शुक्रवार को राजधानी रांची और आसपास के इलाकों में सुबह में आंशिक बादल छाए रहे, लेकिन बाद में मौसम साफ हो गया और भीषण गर्मी महसूस की गई। यही वजह है कि पिछले एक दो दिनों में राजधानी रांची में अधिकतम तापमान बढ़कर 37 डिग्री के पार पहुंच गया है।

वहीं, रांची में अधिकतम तापमान 37.7 डिग्री और न्यूनतम 23.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। जबकि जमशेदपुर में अधिकतम 37.1 डिग्री और न्यूनतम 26.2 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 41.8 और न्यूनतम 24.6 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 36.5 डिग्री और न्यूनतम 26.1 डिग्री एवं चाईबासा में अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak