झारखंड विधानसभा समिति ने जिले का किया दौरा, दिये कई निर्देश

 


रामगढ़, 23 मार्च (हि.स.)। झारखंड विधानसभा की निवेदन समिति ने सोमवार को रामगढ़ जिले का दौरा किया। इस दौरान रामगढ़ परिसदन में समिति के सभापति उमाकांत रजक, सदस्य नागेंद्र महतो, निर्मल महतो द्वारा डीडीसी, डीएफओ, एसी, एसडीओ एवं अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। समिति ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से प्राप्त जन-समस्याओं और विधायकों की ओर से समर्पित निवेदनों पर बिंदुवार चर्चा की। साथ ही संबंधित अधिकारियों को त्वरित निष्पादन के लिए कई कड़े निर्देश दिए।

बैठक में औद्योगिक प्रदूषण एवं विस्थापन का मुद्दा उठाया गया। सदस्य श्वेता सिंह द्वारा टाटा स्टील (घाटो), सीसीएल (कुजू, अरगड़ा क्षेत्र), जिंदल, आलोक स्टील, छिन्नमस्तिका, श्रीराम और झारखंड इस्पात जैसी कंपनियों से होने वाले प्रदूषण पर रोक लगाने की मांग की गई। साथ ही, इन औद्योगिक क्षेत्रों में विस्थापितों के पुनर्वास और स्थानीय युवाओं को रोजगार सुनिश्चित करने हेतु सरकार से प्रभावी कदम उठाने का निवेदन किया गया है।

विधायक निर्मल महतो ने मांडू अंचल के राउता मौजा (थाना सं०-146) में वन भूमि पर अवैध रूप से संचालित कल-कारखानों का मामला उठाया। उन्होंने खाता संख्या 29 के विभिन्न प्लॉटों पर हुए अतिक्रमण की जांच की मांग की।इसके अतिरिक्त, ग्राम पंचायत सोनडीहा (भदवा) में 5.07 एकड़ गैर-मजरूआ खास जंगल भूमि पर भू-माफियाओं के अवैध कब्जे और ग्रामीणों पर दर्ज किए गए मुकदमों की निष्पक्ष जांच और सीमांकन का निर्देश दिया गया है।

रामगढ़ जिला स्वास्थ्य विभाग में पिछले चार वर्षों से एक ही बाहरी एजेंसी को कार्य विस्तार देने और कर्मियों को 8-9 माह से वेतन न मिलने पर समिति ने गंभीर चिंता व्यक्त की। समिति ने पारदर्शी तरीके से नई निविदा आमंत्रित करने और राज्य की स्थानीय एजेंसियों को प्राथमिकता देने पर बल दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश