रांची नगर निगम में 909 और बुण्डू नगर पंचायत में 16 मतदान केंद्र पर होगा मतदान, तैयारी पूरी

 




रांची,22 फरवरी (हि.स.)। नगर निकाय (आम) निर्वाचन के तहत रांची में सोमवार को वोटिंग होगी। इसकी सारी तैयारियां कर ली गई है।

रांची नगर निगम में कुल 53 वार्डों के लिए 909 मतदान केंद्र और बुण्डू नगर पंचायत में 13 वार्डों के लिए 16 मतदान केंद्र बनाये गये हैं, जहां 23 फरवरी को मतदान के बाद पोलिंग पार्टियों सील्ड बैलट बॉक्स लेकर ट्रांसपोर्ट नगर स्थित स्ट्रांग रूम पहुंचेगी।

ट्रांसपोर्ट नगर स्थित मतगणना स्थल में बैलट बॉक्स को सुरक्षित रखने के लिए आवश्यक तैयारी सुनिश्चित की गई है। इसका देर रात जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने गहन निरीक्षण किया।

रांची जिला प्रशासन ने चुनाव को लेकर वज्रगृह और मतगणना की सभी तैयारियों को अंतिम रूप देते हुए महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं।

मतगणना 27 फरवरी को रांची के कांके ट्रांसपोर्ट नगर में निर्धारित स्थान पर होगी।

इस दौरान मतगणना हॉल और उसके आसपास की सुरक्षा व्यवस्था, बाहरी सुरक्षा, अनावश्यक भीड़-भाड़ को नियंत्रित करने एवं किसी भी संभावित घटना से निपटने के लिए मजबूत इंतजाम किए गए हैं। लोक शांति और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से विभिन्न दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिस बलों की प्रतिनियुक्ति की गई है।

इसको लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका)-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने ट्रांसपोर्ट नगर, सुकुरहुट्टू, कांके स्थित मतगणना स्थल पर सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों के साथ निरीक्षण करते हुए उन्होंने मतगणना प्रक्रिया को सुचारु, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए कई निर्देश दिया।

भजन्त्री ने पूरे परिसर का गहन निरीक्षण किया तथा मतगणना से जुड़ी सभी तैयारियों—जैसे स्ट्रांग रूम, सुरक्षा व्यवस्था, कर्मचारियों की तैनाती, प्रकाश व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने कमियों को तुरंत दूर करने और उच्च स्तर की सतर्कता बरतने के सख्त निर्देश दिया।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि

वज्रगृह और मतगणना स्थल के आसपास कड़ी निगरानी रखी जाए, संदिग्ध गतिविधियों पर त्वरित कार्रवाई हो और किसी भी प्रकार की अफवाह या उकसावे पर सख्ती से निपटा जाए।

वहीं वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर देते हुए कई अहम दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने पुलिस बलों को निर्देश दिया कि वज्रगृह और मतगणना स्थल के आसपास कड़ी निगरानी रखी जाए, संदिग्ध गतिविधियों पर त्वरित कार्रवाई हो। किसी भी प्रकार की अफवाह या उकसावे पर सख्ती से निपटा जाए। सुरक्षा की बहुस्तरीय व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए अतिरिक्त बलों की तैनाती और क्यूआरटी टीमों को तैयार रखने का निर्देश दिया गया।

इस दौरान कई अधिकारी मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे