झारखंड नगर निकाय चुनाव: 48 निकायों में मतदान जारी, सुबह 11 बजे तक 23 प्रतिशत मतदान
रांची, 23 फरवरी (हि.स.)। झारखंड में नगर निकाय चुनाव 2026 के तहत सोमवार सुबह सात बजे से राज्यभर में मतदान जारी है। राज्य के 48 नगर निकाय क्षेत्रों में मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। मतदान प्रक्रिया शाम 5:00 बजे तक चलेगी।
राज्य चुनाव आयोग के सचिव राधेश्याम प्रसाद ने जानकारी दी कि सुबह 7:00 बजे से 11:00 बजे तक लगभग 23 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि सभी मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण ढंग से मतदान हो रहा है और किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।
चुनाव को लेकर प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। साथ ही, वेबकास्टिंग और वीडियोग्राफी के माध्यम से मतदान प्रक्रिया पर नजर रखी जा रही है।
इन नगर निकाय चुनावों के तहत पार्षद, अध्यक्ष और मेयर पदों के लिए मतदान हो रहा है। मतदाताओं में सुबह से ही उत्साह देखा जा रहा है और कई जगहों पर मतदान केंद्रों के बाहर लंबी कतारें लगी हैं।
राज्य चुनाव आयोग ने मतदाताओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में मतदान केंद्र पहुंचकर लोकतंत्र के इस पर्व में भागीदारी निभाएं। चुनाव परिणामों की घोषणा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार की जाएगी।------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे