सदर अस्पताल में 41 स्वैच्छिक रक्तदाता हुए सम्मानित

 


रांची, 30 जून (हि.स.)।

सदर अस्पताल, रांची में पिछले एक वर्ष के दौरान दो या उससे अधिक बार रक्तदान या एसडीपी (सिंगल डोनर प्लेटलेट) दान करने वाले स्वैच्छिक रक्तदाताओं के सम्मान में मंगलवार को फेलिसिटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में 41 नियमित रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र और मेडल देकर सम्मानित किया गया।

सिविल सर्जन डॉ प्रभात कुमार ने कहा कि रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवा है। एक यूनिट रक्त कई जरूरतमंद मरीजों को नया जीवन दे सकता है। उन्होंने लोगों से नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान करने की अपील करते हुए कहा कि स्वस्थ पुरुष 90 दिन और महिलाएं 120 दिन के अंतराल पर सुरक्षित रूप से रक्तदान कर सकती हैं।

वहीं अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ विमलेश कुमार ने कहा कि समय-समय पर रक्तदान करने से आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को सुरक्षित रक्त उपलब्ध कराया जा सकता है।

ब्लड बैंक प्रभारी डॉ रंजू सिन्हा ने बताया कि 18 से 65 वर्ष आयु का कोई भी स्वस्थ व्यक्ति, जिसका वजन कम से कम 45 किलोग्राम हो, रक्तदान कर सकता है। उन्होंने लोगों से नजदीकी सरकारी अस्पताल या मान्यता प्राप्त ब्लड बैंक में रक्तदान करने की अपील की।

कार्यक्रम में सिविल सर्जन डॉ प्रभात कुमार, उपाधीक्षक डॉ विमलेश कुमार, राज्य रक्त संक्रमण परिषद की सहायक निदेशक जूली नीता सोके, ब्लड बैंक प्रभारी डॉ रंजू सिन्हा, डीआरसीएचओ डॉ असीम मांझी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक सहित स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar