अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में पी विशाल और ईशान सिंह ने जीता गोल्ड
रांची, 04 जून (हि.स.)।
रांची जिला और झारखंड के ताइक्वांडो खिलाड़ियों ने प्रथम प्रोफेशनल ताइक्वांडो फेडरेशन इंडिया ओपन अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता-2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कई पदक अपने नाम किए।
केरली स्कूल के खिलाड़ी पी विशाल और रांची प्रेस क्लब ताइक्वांडो सेंटर के ईशान सिंह ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल जीतकर रांची का नाम रोशन किया। वहीं आयुष राज, सिया शुक्ला, रिधिमा सिंह, नीरज लकड़ा और अध्या ने सिल्वर मेडल हासिल किया। खिलाड़ियों की इस सफलता पर ताइक्वांडो संघ के पदाधिकारियों, प्रशिक्षकों और अभिभावकों ने सभी पदक विजेताओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की यह उपलब्धि राज्य में ताइक्वांडो खेल के बढ़ते स्तर का प्रमाण है। खिलाड़ियों ने विभिन्न आयु और भार वर्गों में शानदार प्रदर्शन कर राज्य और जिले का गौरव बढ़ाया। उन्होंने बताया कि यह प्रतियोगिता 29 मई से 02 जून 2026 तक शेर-ए-कश्मीर इंडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, श्रीनगर में आयोजित हुई, जिसमें देश-विदेश के लगभग 600 खिलाड़ियों ने भाग लिया।
इसके अलावा सौम्या आनंद, प्रजना सिंह, प्रतिज्ञा सिंह और नंदिनी मौर्या ने ब्रॉन्ज मेडल जीतकर टीम की उपलब्धियों में महत्वपूर्ण योगदान दिया। प्रतियोगिता में झारखंड की टीम मिथलेश कुमार सिंह के नेतृत्व में शामिल हुई।
टीम के साथ कोच चंदन कुमार, अनंत नाग चंदन और करमचंद भगत मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar