शराब के तस्कर को ग्रामीणों ने पकड़कर पोल से बांधा, जांच में जुटी पुलिस

 




रांची, 11 अक्टूबर (हि.स.)। रातू थाना क्षेत्र के काटू गांव में रविवार को अवैध शराब की खेप लेकर पहुंचे तीन तस्करों को ग्रामीणों ने पकड़ने की कोशिश की।

इस दौरान दो आरोपित मौके से फरार हो गए जबकि एक को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। गुस्साए ग्रामीणों ने पकड़े गए आरोपित को बिजली के खंभे से बांध दिया और उसकी पिटाई की। इसके बाद में उसे रातू पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने मौके से अवैध शराब की 15 पेटियां और तस्करी में इस्तेमाल किया जा रहा वाहन भी जब्त किया है।

ग्रामीणों को सूचना मिली थी कि कुछ लोग शहर से अवैध शराब लाकर गांव में सप्लाई करने वाले हैं। इसके बाद ग्रामीण सतर्क हो गए और शराब तस्करों के पहुंचते ही उन्हें पकड़ने के लिए दौड़ पड़े। ग्रामीणों की सक्रियता देखकर दो आरोपित भागने में सफल रहे लेकिन एक को दबोच लिया गया। पकड़े गए आरोपित की पहचान रांची के मोरहाबादी निवासी शंकर ठाकुर के रूप में हुई है।

रातू थाना प्रभारी आदिकांत महतो ने बताया कि ग्रामीण अवैध शराब के कारोबार को लेकर काफी जागरूक हो गए हैं। शराब तस्करों के गांव में पहुंचने की सूचना मिलने पर ग्रामीणों ने पुलिस को भी जानकारी दी और खुद उन्हें पकड़ने की कोशिश की। इस दौरान एक आरोपित पकड़ा गया, जबकि दो फरार हो गए।

थाना प्रभारी के अनुसार, पकड़े गए आरोपित से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि अवैध शराब कहां से लाई जा रही थी और किन-किन ग्रामीण इलाकों में इसकी सप्लाई की जाती थी। फरार आरोपितों की तलाश भी की जा रही है, तस्कर अपने दोनों वाहन छोड़कर भागे हैं, जबकि वाहनों में ही शराब पड़ी हुई मिली है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे