लूज बोल्डर स्ट्रक्चर से जल संरक्षण को लेकर ग्रामीणों ने की पहल

 


रांची, 04 अक्टूबर (हि.स.)। जल संरक्षण और भविष्य में पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने की बात पर ओरमांझी स्थित ग्राम पंचायत चंद्रा के ग्रामीणों ने सामूहिक श्रमदान के से सराहनीय पहल की शुरूआत की है। चंद्रा गांव के बहेड़ा कुट क्षेत्र में ग्रामीणों ने मिलकर लूज बोल्डर स्ट्रक्चर (एलबीएस) का निर्माण किया। ग्रामीणों ने बताया कि इस निर्माण से बारिश के दौरान छोटी घाटी और नाले से बहकर निकल जाने वाले पानी को रोककर स्थानीय स्तर पर जल संरक्षित करने के लिए लाभ मिलेगी।

इस सामुदायिक कार्य का नेतृत्व पूर्व मुखिया रमेश चंद्र उरांव, ग्राम प्रधान रंजीत पाहन और वार्ड सदस्य जेठू मुंडा ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में जुटे ग्रामीणों ने श्रमदान कर निर्माण कार्य में सक्रिय भागीदारी निभाई। मौके पर ग्रामीणों ने संकल्प लिया कि बारिश के पानी को यथासंभव गांव में ही रोकने के लिए आगे भी छोटे-छोटे जल संरक्षण ढांचे तैयार किए जाएंगे। इससे वर्षाजल संरक्षण के साथ भूजल स्तर बनाए रखने और भविष्य में पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने में मदद मिलने की उम्मीद है।

ग्रामीणों का कहना है कि पानी को बहने देने के बजाय गांव में रोकना और उसका संरक्षण करना जल सुरक्षा की दिशा में पहला कदम है। इसी सोच के साथ चंद्रा पंचायत के प्रत्येक गांव को जल पर्याप्त और आत्मनिर्भर बनाने का लक्ष्य रखा गया है।

इस अवसर पर कई ग्रामीण मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar