संपर्क, संबंध, सेवा और संतों के मार्गदर्शन से बनेगा समरस समाज : विनायक राव देशपांडे
रांची, 21 मई ( हि.स.)। विश्व हिंदू परिषद की प्रांत मातृशक्ति, प्रांत सामाजिक समरसता, प्रांत कार्यकारिणी एवं रांची महानगर के कार्यकर्ताओं की दो दिवसीय बैठक गुरुवार को हरमू रोड स्थित प्रांत कार्यालय, शक्ति आश्रम में संपन्न हुई। बैठक में विशेष रूप से विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय संगठन सह महामंत्री विनायक राव देशपांडे उपस्थित थे। बैठक में संगठनात्मक विषय के साथ-साथ आयाम के कार्यों पर योजना बनाई गई।
24 मई से 31 मई तक चतरा में वार्षिक दुर्गा वाहिनी प्रशिक्षण वर्ग, 30 मई से 10 जून तक बोकारो में परिषद शिक्षा वर्ग, 2 जून से 10 जून तक बोकारो में बजरंग दल शौर्य प्रशिक्षण वर्ग तथा 20 से 23 अगस्त को मातृशक्ति प्रशिक्षण वर्ग चलेगा। 1 अक्टूबर 2026 को पूज्य अशोक सिंघल का जन्म शताब्दी एवं संत रविदास जी का 650 वीं जयंती प्रांत के प्रखंड स्तर तक बनाने का निर्णय लिया गया। जून, जुलाई व अगस्त में तीन दिवसीय जिला अभ्यास वर्ग के माध्यम से कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण दी जाएगी। 20 जनवरी से 6 दिसंबर तक त्रिवर्षीय हितचिंतक अभियान चलाया जाएगा, इस निमित्त आगामी अक्टूबर एवं नवंबर माह में प्रखंड स्तर पर व्यापक बैठक की जाएगी।
बैठक में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए विहिप के केंद्रीय संगठन सह महामंत्री विनायक राव देशपांडे ने कहा समाज के सभी घटकों के साथ संपर्क, संबंध, सेवा एवं संतों के प्रवास के जरिये समरस समाज बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा आज कुटुम्ब व्यवस्था में कई प्रकार की त्रुटियां हो रही है, जिससे परिवार के संस्कार प्रभावित हो रहे हैं, इसके लिए हमें साप्ताहिक संस्कार केंद्र प्रत्येक गांव-मोहल्ले में चलना होगा।
गौ-संरक्षण के लिए गौशाला संपर्क, पंचगव्य औषधि एवं वस्तु निर्माण, भारतीय नस्ल का गोपालन, जैविक खेती, किसान प्रशिक्षण पर हमें विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। बहनों के कौशल विकास के लिये सिलाई प्रशिक्षण, मेहंदी लगाने का प्रशिक्षण, संस्कारशाला को बढ़ावा देना होगा। युवाओं के विकास के लिए कंप्यूटर शिक्षा प्रशिक्षण जैसे कौशल विकास पर भी ध्यान देना होगा।
बैठक में क्षेत्र मंत्री डॉ वीरेंद्र साहू, क्षेत्र संगठन मंत्री आनंद, प्रांत अध्यक्ष चंद्रकांत रायपत, उपाध्यक्ष गंगा प्रसाद यादव, पद्मश्री महावीर नायक, प्रांत संगठन मंत्री चितरंजन कुमार, प्रांत मंत्री मिथिलेश्वर मिश्र, प्रांत सहमंत्री रामनरेश सिंह, मनोज पोद्दार प्रांत संयोजक रंगनाथ महतो मार्गदर्शक मंडल प्रांत संयोजक कृष्ण चैतन्य ब्रह्मचारी, प्रांत धर्माचार्य संपर्क प्रमुख जुगल किशोर प्रसाद, सहप्रमुख अवतार सिंह गांधी, धर्म प्रसार प्रांतप्रमुख संजय चौरसिया, मातृशक्ति प्रमुख दीपा रानी कुंज, सह प्रमुख अनिमा पांडे, सविता सिंह, कुंती सिंह, प्रांत सेवा प्रमुख विनय कुमार सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे