जेसीबी, लोडर और बसों के रजिस्ट्रशन में सुधार नहीं होने से वाहन मालिकों को परेशानी : चेंबर
रांची, 17 मार्च (हि.स.)। झारखंड चेंबर चेंबर ऑफ कॉमर्स के हेवी अर्थ मूविंग मशीनरी उप समिति की बैठक मंगलवार को चेंबर भवन में हुई।
बैठक में वाहन मालिकों, ट्रांसपोर्ट व्यवसायी और संबंधित स्टेकहोल्डर्स को एनआईसी झारखंड एवं जिला परिवहन कार्यालय की ऑनलाइन प्रक्रियाओं के कारण हो रही समस्याओं पर चर्चा की गई।
सदस्यों ने बताया गया कि एचएमवी, जेसीबी, लोडर और बसों का टेम्पररी रजिस्ट्रशन में जिलों के नाम में सुधार नहीं किया जा रहा है।
इससे वाहन मालिकों को अनावश्यक परेशानी हो रही है। इसी प्रकार बीएस-04 वाहनों का निबंधन लंबित होने की बात भी कही गई। यह भी बताया गया कि नए ट्रेड लाइसेंस के लिए ऑनलाइन प्रक्रिया एनआईसी की तकनीकी समस्याओं के कारण बाधित है, विशेष रूप से फॉर्म 16ए के सर्टिफिकेट की अनावश्यक मांग के चलते आवेदन पूर्ण नहीं होपा
रहा है। सदस्यों ने यह कहा कि नाम ट्रांसफर की प्रक्रिया भी जटिल हो गई है। इससे साधारण कार्य में अत्यधिक समय लग रहा है।
रांची जिला परिवहन कार्यालय में अनावश्यक देरी और विलंब एवं शुल्क वसूली को लेकर भी चेंबर के सदस्यों ने चिंता जताई। चेंबर के सदस्यों ने कहा कि एनआईसी का ऑनलाइन सिस्टम सुचारू रूप से कार्य नहीं कर रहा है। बावजूद शुल्क जमा कराने के निर्देश दिए जा रहे हैं। बस और टैक्सी का निबंधन भी वीएलटीडी के कारण एक माह से नहीं हो रहा है।
बैठक में विभिन्न कंपनियों के डीलरों ने इन समस्याओं पर चिंता व्यक्त की और झारखंड चेंबर से इस मामले में हस्तक्षेप कर शीघ्र समाधान की मांग की।
बैठक में जेसीबी, महिंद्रा, अशोक लीलैंड, एल एंड टी, आयशर और टाटा सहित विभिन्न कंपनियों के डीलर तरुण कुमार, मोहित पोद्दार, सुनील कुमार, निकुंज मोदी के अलावा उप समिति के अध्यलक्ष अभिषेक नेमानी, अभिषेक मोदी, सदस्य के जमील, प्रकाश हेतमसरिया, एसपी पांडेय, झारखंड चेंबर के कार्यकारिणी सदस्य अनिश बुधिया उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak