वाहन चोरी गिरोह का खुलासा, चार बाइक और भराठी बंदूक के साथ एक गिरफ्तार

 




चतरा, 26 अगस्त (हि.स.)। वाहन चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में चतरा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सिमरिया थाना क्षेत्र के कासितातू गांव में छापेमारी कर पुलिस ने चोरी की चार बाइक और एक भराठी बंदूक बरामद करते हुए एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान कासितातू गांव निवासी जेठू गंझू के पुत्र मुकेश गंझू के रूप में हुई है।

एसपी अनिमेष नैथानी ने बुधवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि कासितातू गांव में मुकेश गंझू के पास चोरी की बाइक रखी गई हैं। सूचना के सत्यापन के बाद सिमरिया एसडीपीओ नागरगोजे शुभम भाऊ साहब के नेतृत्व में टीम गठित कर छापेमारी की गई। टीम में सिमरिया थाना प्रभारी अमित कुमार गुप्ता समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने मुकेश गंझू को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में उसके कब्जे से चार चोरी की बाइक और एक भराठी बंदूक बरामद हुई। पूछताछ में पुलिस को वाहन चोरी गिरोह के नेटवर्क के संबंध में अहम जानकारी मिली है। एसपी के अनुसार गिरोह में लातेहार और रांची जिले के कुछ अपराधियों के भी शामिल होने की बात सामने आई है। पुलिस ने संदिग्धों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।

एसपी ने बताया कि गिरोह के सदस्य विभिन्न क्षेत्रों से बाइक चोरी करने के बाद उन्हें दूसरे जिलों में ले जाकर खपाते थे। बरामद बाइक को भी बिहार में खपाने की तैयारी थी। पुलिस अब बरामद बाइकों के वास्तविक मालिकों और उनके चोरी होने की घटनाओं का पता लगाने के साथ गिरोह की ओर से अब तक चोरी किए गए अन्य वाहनों की जानकारी जुटा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेन्द्र तिवारी