शिशु विद्या मंदिर में मनी वीर कुंवर सिंह की जयंती
रामगढ़, 23 अप्रैल (हि.स.)। शहर के गोला रोड स्थित रामप्रसाद चंद्रभान सरस्वती शिशु विद्या मंदिर के वंदना सभागार में गुरुवार को महान स्वतंत्रता सेनानी वीर कुंवर सिंह की जयंती धूमधाम से मनाई गई।
इस दौरान विद्यालय के सभी शिक्षक, छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ वीर कुंवर सिंह के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पार्चन के साथ किया गया। विद्यालय के वरिष्ठ आचार्यों ने उनके व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वे 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के महानायक थे, जिन्होंने अपनी वृद्धावस्था में भी अदम्य साहस का परिचय देते हुए अंग्रेजों के विरुद्ध संघर्ष किया।
इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुती दी, जिसमें देशभक्ति गीत, भाषण के माध्यम से वीर कुंवर सिंह के जीवन की प्रेरक घटनाओं को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया। बच्चों ने उनके साहस, त्याग और नेतृत्व क्षमता को दर्शाते हुए उपस्थित सभी लोगों को भावविभोर कर दिया।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों ने भी उनके जीवन से जुड़े महत्वपूर्ण प्रसंगों को साझा किया और विद्यार्थियों को उनके आदर्शों पर चलने की प्रेरणा दी। उन्होंने बताया कि वीर कुंवर सिंह का जीवन हमें सिखाता है कि कठिन से कठिन परिस्थितियों में भी दृढ़ निश्चय और देशभक्ति के बल पर सफलता प्राप्त की जा सकती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश