जयकारों से गूंजा वैष्णो देवी मंदिर, कलश स्थापना के साथ नवरात्र शुरू

 




रामगढ़, 11 अक्टूबर (हि.स.)। शहर के झंडा चौक स्थित माता वैष्णो देवी मंदिर में रविवार को कलश स्थापना के साथ शारदीय नवरात्र का नौ दिवसीय अनुष्ठान शुरू हुआ। नवरात्र के पहले दिन सुबह पांच बजे से ही मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी। माता रानी के जयकारों से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं ने मां के दर्शन कर सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

मंदिर के पुजारी पंडित लीलाधर शर्मा ने नवरात्र पूजन के यजमान मोहित धमीजा और उनकी पत्नी चांदनी धमीजा से विधिवत कलश स्थापना कराई। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना शुरू हुई। नौ दिवसीय अनुष्ठान को लेकर मंदिर और परिसर को फूलों और आकर्षक विद्युत सज्जा की गई। मंदिर की साज-सज्जा श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।

श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पंजाबी हिंदू बिरादरी के तत्वावधान में माता वैष्णो देवी मंदिर ट्रस्ट की ओर से आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। नवरात्र के दौरान भक्तों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए ट्रस्ट के सदस्य सक्रिय हैं।

नवरात्र महोत्सव के तहत 17 अक्टूबर को माता की चौकी और 19 अक्टूबर को भंडारा आयोजित किया जाएगा। इन कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए पंजाबी हिंदू बिरादरी और मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष सुरत चन्द्र वासुदेव, महासचिव महेश मारवाह सहित बिरादरी के सभी सदस्य तैयारियों में जुटे हैं। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश