(अपडेट) झारखंड पहुंचा मानसून, पूरे राज्य में होगी झमाझम बारिश

 


रांची, 12 जून (हि.स.)। दक्षिणी-पश्चिमी मानसून ने शुक्रवार को झारखंड में दस्तक दे दी है। इसी के साथ ही आनेवाले दिनों में पूरे राज्य में झमाझम बारिश होगी। मानूसन संथाल और पूर्वी सिंहभूम जिले के रास्ते झारखंड में पहुंचा है। यह जानकारी मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने शुक्रवार को रांची के एयरपोर्ट स्थित मौसम विज्ञान केंद्र में आयोजित प्रेस वार्ता में दी।

उन्होंने बताया कि झारखंड में मानूसन राज्य के जामताडा, देवघर, दुमका, गोडडा, पाकुड, साहेबगंज और धनबाद के कुछ हिस्से, गिरिडीह और पूर्वी सिंहभूम में पहुंच गया है। यही वजह है कि इन जिलों के कुछ हिस्सों में बारिश दर्ज की गई।

अभिषेक आनंद ने बताया कि अगले दो-तीन दिनों में मानसून राज्य के अन्य जिलों को भी कवर कर लेगा। इससे झारखंड के सभी जिलों में भी मानसून की अच्छी बारिश होगी।

उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष मानसून झारखंड में 17 जून को पहुंचा था, लेकिन इस बार यह समय से पूर्व ही केरल पहुंच गया। साथ ही झारखंड सहित देश के अन्य राज्यों में पहुंच रहा है। झारखंड में इस बार मानूसन पांच दिनों पूर्व पहुंचा है।

मानसून हिंद महासागर और अरब सागर की ओर से देश के दक्षिण-पश्चिमी तट पर आनेवाली हवाओं को को कहते हैं जो देश भर में बारिश कराती है। ये हवाएं दक्षिण एशिया क्षेत्र में जून से सितंबर माह तक (चार महीने) सक्रिय रहती है और देश की लगभग 70 प्रतिशत बारिश पूरी करती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak