अनावश्यक रोड कट होंगे बंद, बसों के रूट और समय-सारणी का तैयार होगा डेटा : मुख्यमंत्री

 


रांची, 02 सितंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने बुधवार को झारखंड मंत्रालय में नगर विकास और पथ निर्माण विभाग की ओर से संचालित कार्यों, योजनाओं एवं परियोजनाओं की समीक्षा की।

बैठक में दोनों विभागों के अंतर्गत संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति, कार्यान्वयन की स्थिति और आगामी कार्ययोजनाओं की विस्तृत जानकारी ली गई। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सभी योजनाओं का प्रभावी, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिया।

मुख्यमंत्री ने रांची शहर की यातायात व्यवस्था को और अधिक सुचारू और व्यवस्थित बनाने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने शहर में संचालित सभी बसों की संख्या, उनके रूट और समय-सारणी का समुचित डेटा तैयार करने को कहा, ताकि सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को बेहतर ढंग से संचालित किया जा सके और अनावश्यक भीड़ एवं यातायात दबाव को कम किया जा सके।

उन्होंने शहर की सड़कों के बीच बने अनावश्यक कटों को चिन्हित कर उन्हें बंद करने और वाहनों के लिए निर्धारित चौक-चौराहों से ही सुरक्षित टर्निंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अनावश्यक कट के कारण वाहनों की आवाजाही प्रभावित होती है और कई स्थानों पर यातायात व्यवस्था बाधित होती है। ऐसे सभी स्थानों का अध्ययन कर आवश्यक सुधार किया जाए।

बैठक में राज्य के रोड नेटवर्क और संचालित कार्यों का ओवरव्यू, पिछले पांच वर्षों में बनाई गई कार्ययोजनाओं एवं भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप सड़क एवं परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने के उपायों की समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि शहर के बढ़ते विस्तार और आबादी को ध्यान में रखते हुए दीर्घकालिक एवं समग्र कार्ययोजना तैयार की जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास का दायरा केवल रांची शहर तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि राज्य के अन्य प्रमुख शहरों को भी सुनियोजित एवं आधुनिक सुविधाओं से युक्त शहर के रूप में विकसित करने की दिशा में कार्य किया जाए। उन्होंने निर्देश दिया कि शहरों को जोनवार विभाजित कर आबादी और स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप विकास की कार्ययोजना तैयार की जाए।

मुख्यमंत्री ने सड़क निर्माण की योजनाओं में जल निकासी की समुचित व्यवस्था को सड़क निर्माण का अभिन्न हिस्सा मानते हुए कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सड़क के दोनों किनारों पर सुव्यवस्थित और वैज्ञानिक तरीके से ड्रेनेज सिस्टम विकसित किया जाए एवं सड़क तथा ड्रेनेज की पूरी संरचना को एकीकृत रूप से डिजाइन किया जाए। उन्होंने निर्देश दिया कि ड्रेनेज सिस्टम को सड़क की संरचना के अनुरूप पर्याप्त चौड़ाई एवं आवश्यक स्थान उपलब्ध कराया जाए, ताकि भविष्य में सड़क के किनारे अनियोजित निर्माण अथवा अतिक्रमण की स्थिति उत्पन्न न हो।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क के दोनों किनारों पर ड्रेनेज एवं पैदल आवागमन सहित आवश्यक सुविधाओं के लिए पर्याप्त स्थान का प्रावधान किया जाए। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण के दौरान भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त जगह का प्रावधान किया जाना आवश्यक है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सड़क की चौड़ाई, जल निकासी, पैदल यात्रियों की सुविधा एवं यातायात के सुचारू संचालन को ध्यान में रखते हुए समग्र डिजाइन तैयार किया जाए। विशेष रूप से बारिश के दौरान जलजमाव की समस्या वाले क्षेत्रों को चिन्हित कर वहां प्रभावी ड्रेनेज नेटवर्क विकसित किया जाए, ताकि जल निकासी निर्बाध रूप से हो सके और सड़कों पर पानी जमा होने के कारण यातायात बाधित न हो।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ड्रेनेज सिस्टम केवल सड़क निर्माण के बाद की व्यवस्था न हो, बल्कि सड़क निर्माण की मूल परियोजना एवं डिजाइन का अनिवार्य हिस्सा हो। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि जहां पहले से सड़कें बनी हुई हैं, वहां जलजमाव एवं जल निकासी से संबंधित समस्याओं का तकनीकी अध्ययन कर आवश्यकतानुसार ड्रेनेज व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए।

मुख्यमंत्री ने सड़क निर्माण एवं अन्य संचालित विकास कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में अनावश्यक विलंब किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगा। सभी विभाग और संबंधित एजेंसियां आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए परियोजनाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करें, ताकि निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण तरीके से निर्धारित समय में पूरा हो और इसका सीधा लाभ आम लोगों को मिल सके।

मुख्यमंत्री ने सड़क किनारे ठेला, गुमटी एवं अन्य स्वरोजगार के माध्यम से आजीविका चलाने वाले वेंडर्स को व्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी वेंडर्स को चिन्हित करते हुए उनके लिए समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

बैठक में मुख्य सचिव अविनाश कुमार, विकास आयुक्त अजय कुमार सिंह, प्रधान सचिव सुनील कुमार, उपायुक्त, मंजूनाथ भजन्त्री, वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन सहित संबंधित विभागों के वरीय पदाधिकारी एवं अधिकारी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे