एचईसी यूनियनाें के बीच कर्मियों के वेतन भुगतान की मांग तेज
रांची, 06 अप्रैल (हि.स.)। हेवी इंजीनियर्स कॉरपोरेशन (एचईसी) लिमिटेड में कार्यरत विभिन्न श्रमिक संगठनों ने प्रबंधन से लंबित वेतन के भुगतान की मांग काे तेज कर दी है
हटिया प्रोजेक्ट वर्कर्स यूनियन, एचईसी लिमिटेड श्रमिक कर्मचारी यूनियन, एचईसी मजदूर संघ, एचईसी श्रमिक संघ और जनता मजदूर यूनियन के प्रतिनिधियों ने निदेशक उत्पादन और निदेशक वित्त से मुलाकात कर कर्मचारियों के चार माह के वेतन का जल्द देने की मांग की। हटिया प्रोजेक्ट वर्कर्स यूनियन (इंटक) के महामंत्री लीलाधर सिंह ने सोमवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि कर्मचारी वेतन नहीं मिलने से पैदा हुई खराब आर्थिक स्थिति को लेकर काफी परेशान हैं।
इसे देखते हुए तत्काल वेतन भुगतान जरूरी है, जिससे कर्मचारियों में कार्य के प्रति उत्साह बढ़ेगा। प्रबंधन की ओर से निदेशक उत्पादन ने आश्वासन दिया कि वेलनेस सेंटर की बिक्री नहीं होगी और कर्मचारियों को पूर्व की तरह चिकित्सा सुविधाएं मिलती रहेंगी। वहीं निदेशक वित्त ने जानकारी दी कि स्थायी और अस्थायी कर्मचारियों का पीएफ लेजर जल्द उपलब्ध कराया जाएगा और सेवानिवृत्त कर्मचारियों के 2023-24 के पीएफ का भुगतान जल्द किया जाएगा।
बैठक में प्लांट कैंटीन, स्वच्छता, पेयजल, सुरक्षा उपकरण और स्कूलों में बच्चों की पढ़ाई को लेकर भी चर्चा हुई। यूनियन नेताओं ने एचईसी को बंद नहीं होने देने का संकल्प लिया।
बैठक में गिरीश कुमार चौहान, राम मोहन बैठा, जगन्नाथ राम सहित अन्य लोग मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar