अन–मैप्ड मतदाता 15 जून तक करा सकेंगें अपनी मैपिंग: के रवि कुमार
रांची, 11 जून (हि.स.)। झारखंड मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रवि कुमार ने कहा है कि राज्य में मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण के पूर्व मतदाताओं के मैपिंग की प्रक्रिया 15 जून तक चलेगी। इसके बाद इन्यूमरेशन फॉर्म के छपाई और ट्रैनिंग के कार्य किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि 23 मई से अन–मैप्ड मतदाताओं की सूची सभी मतदान केंद्रों एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के वेबसाईट पर सर्चेवल फॉर्मेट में प्रकाशित करने के बाद इस प्रक्रिया में तेजी आई है। वर्तमान में कुल 78.60प्रतिशत मतदाताओं की मैपिंग की जा चुकी है। अन–मैप्ड मतदाता अपने बीएलओ से संपर्क कर विगत गहन पुनरीक्षण की मतदाता सूची से अपनी मैपिंग करवा रहें है। वर्तमान में मैप्ड मतदाताओं की संख्या 2,08,06,211 है, अन–मैप्ड मतदाता सूची के प्रकाशन (23 मई) के बाद कुल 14,03,354 मतदाताओं की मैपिंग की गई है।
के रवि कुमार ने कहा कि अन–मैप्ड मतदाता ईसीआइएनईटी के ऐप के कनेक्ट विथ इलेक्शन ऑफिशल्स टैब पर क्लिक कर अपने मतदाता पहचान पत्र का क्रमांक भरकर अपने बीएलओ का फोन नंबर प्राप्त कर सकते हैं। इसके साथ साथ मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के ऑफिशियल वेबसाईट सीईओ डॉट झारखंड डॉट जीओवी डॉट इन पर जाकर अन–मैप्ड मतदाता सूची में अपने विवरण समर्पित करते हुए अपने मतदान केंद्र की अन–मैप्ड सूची और अपने बीएलओ का नाम एवं मोबाइल नंबर भी जान सकते हैं ।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी अन–मैप्ड मतदाताओं से आग्रह किया है कि वे अपने सुविधानुसार अपने बीएलओ से संपर्क करें और मैपिंग की प्रक्रिया में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण केवल पात्र भारतीय नागरिकों के लिए है, इस प्रक्रिया में गैर भारतीय नागरिक भाग न लें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे