फिर से उलगुलान काे लेकर विधायक ने की एकजुट होने की अपील
देवघर, 05 सितंबर (हि.स.)। झारखंड की जल-जंगल-जमीन और खनिज संपदा को लेकर खान और खनिज संशोधन बिल के विरोध में 07 सितंबर को ‘फिर से उलगुलान’ का आह्वान किया गया है। सारठ विधायक उदय शंकर सिंह उर्फ चुन्ना सिंह की ओर से जारी कार्यक्रम के माध्यम से लोगों से बड़ी संख्या में शामिल होकर अपनी आवाज बुलंद करने की अपील की गई है।
विधायक की ओर से जारी संदेश में कहा गया है कि झारखंड की जल-जंगल-जमीन और खनिज संपदा केवल प्राकृतिक संसाधन नहीं, बल्कि झारखंड की पहचान और आने वाली पीढ़ियों की विरासत है। इसके संरक्षण और अधिकारों की रक्षा के लिए सभी लोगों की भागीदारी जरूरी है।
कार्यक्रम के तहत 07 सितंबर को सारठ, करमाटांड़ और पालोजोरी प्रखंड परिसर में विरोध कार्यक्रम आयोजित किए जाने की जानकारी दी गई है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सारठ और करमाटांड़ में सुबह 11 बजे, जबकि पालोजोरी में दोपहर 12 बजे कार्यक्रम होगा।
विधायक चुन्ना सिंह ने कहा कि यह लड़ाई किसी एक पार्टी या संगठन की नहीं, बल्कि झारखंड और झारखंडियत के अधिकारों से जुड़ा सवाल है। उन्होंने लोगों से एकजुट होकर अपनी धरती, अधिकार और प्राकृतिक संपदा की रक्षा के लिए आवाज बुलंद करने का आह्वान किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy