रिम्स में यूजी की 250 और पीजी की 275 सीटें करने की तैयारी, 830 करोड़ की योजनाओं पर चर्चा

 


रांची, 12 अगस्त (हि.स.)। रांची स्थित राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) में मेडिकल शिक्षा के विस्तार और अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार को लेकर बुधवार को नेपाल हाउस में स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में समीक्षात्मक बैठक हुई। बैठक में मेडिकल सीटों में वृद्धि के साथ आधारभूत संरचना के विस्तार, मरीजों की भर्ती-डिस्चार्ज व्यवस्था और संस्थान की नियमावली में बदलाव को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णयों पर चर्चा हुई।

अपर मुख्य सचिव ने बताया कि रिम्स में यूजी सीटों की संख्या 180 से बढ़ाकर 250 करने की तैयारी है। इसके लिए डीपीआर तैयार की जा रही है। नेशनल मेडिकल कमीशन (एनएमसी) ने सीट वृद्धि के लिए सैद्धांतिक रूप से शर्तों के साथ मंजूरी दी है। वहीं, पीजी सीटों को 176 से बढ़ाकर 275 और पोस्ट-पीजी सीटों को 11 से बढ़ाकर 100 करने के लिए भी डीपीआर तैयार करने पर चर्चा हुई।

उन्होंने कहा कि सीटों में वृद्धि के अनुरूप रिम्स के पुराने आईपीडी, ओपीडी और एकेडमिक ब्लॉक के रेनोवेशन एवं विस्तार की जरूरत होगी। इन कार्यों का प्रस्ताव सेंट्रल स्पॉन्सर्ड स्कीम के तहत भेजा जाएगा। इन पर करीब 380 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। रिम्स के नॉर्थ और साउथ कैंपस स्थित हॉस्टल एवं क्वार्टर के रेनोवेशन को भी इस योजना में शामिल किया जाएगा।

पीजी एवं पोस्ट-पीजी हॉस्टल और स्टेडियम कॉम्प्लेक्स के विकास का प्रस्ताव पीपीपी मोड में तैयार किया जा रहा है। इन कार्यों पर करीब 450 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।

बैठक में मरीजों के एडमिशन और डिस्चार्ज के लिए स्पष्ट एसओपी तैयार करने का निर्देश दिया गया। अपर मुख्य सचिव ने कहा कि उपचार पूरा होने के बाद चिकित्सकीय सलाह के अनुसार मरीजों को समय पर डिस्चार्ज किया जाए, ताकि गंभीर मरीजों के लिए बेड उपलब्ध हो सकें। उन्होंने बिना रेफरल मरीजों की भर्ती को नियंत्रित करने और केवल आवश्यक मामलों में ही भर्ती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

इसके अलावा 2014 की रिम्स नियमावली को वर्तमान जरूरतों के अनुरूप पुनर्गठित करने तथा स्वीकृत एवं कार्यरत पदों की संरचना की समीक्षा करने का भी निर्देश दिया गया।

बैठक में अपर सचिव शशि प्रकाश सिंह, रिम्स के कार्यकारी निदेशक डॉ. डीके सिन्हा, सहायक निदेशक बाघमारे प्रसाद कृष्ण सहित रिम्स एवं स्वास्थ्य विभाग के कई पदाधिकारी उपस्थित थे।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar