लातेहार में दो बाइक की आमने-सामने टक्कर में दो युवकों की मौत, तीन गंभीर
लातेहार, 09 नवंबर (हि.स.)।जिला मुख्यालय के स्टेशन रोड में सोमवार की देर शाम दो मोटरसाइकिलों के बीच हुई भीषण भिड़ंत में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को लातेहार सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया। घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।मृतकों में एक की पहचान दुरुआ निवासी सजल चंद्रवंशी (23) के रूप में हुई है। दूसरे मृतक समेत घायलों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार की देर शाम स्टेशन रोड में दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर हो गई।टक्कर इतनी जोरदार थी कि सभी युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। इसके बाद थाना प्रभारी अशोक पासवान के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की सहायता से घायलों को अस्पताल भिजवाया। सदर अस्पताल में जांच के बाद चिकित्सकों ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया। वहीं, तीन अन्य घायलों का उपचार जारी है। थाना प्रभारी अशोक पासवान ने बताया कि दुर्घटना के बाद सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। मृतकों और घायलों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव कुमार