आकाशीय बिजली गिरने से दाे युवकाें की माैत

 


लातेहार, 28 अगस्त (हि.स.)। सदर थाना क्षेत्र के ललमटिया डैम के पास शुक्रवार की शाम आकाशीय बिजली गिरने से दो युवकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान नावाडीह गांव निवासी दिनेश भुइयां (27) और मुकेश भुइयां (28) के रूप में हुई है। घटना के बाद आसपास के लोगों ने दोनों को आनन-फानन में लातेहार सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के अनुसार, नावाडीह गांव के रहने वाले दिनेश भुइयां और मुकेश भुइयां शुक्रवार की शाम ललमटिया डैम पहुंचे थे। दोनों डैम के किनारे बैठकर मछली पकड़ रहे थे। इसी दौरान मौसम ने अचानक करवट ली और हल्की बारिश शुरू हो गई। बारिश के बीच अचानक तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरा । इसकी चपेट में आने से दोनों युवक वहीं अचेत होकर गिर पड़े।

आकाशीय बिजली गिरने की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे। दोनों युवकों को उठाकर तत्काल सदर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। अस्पताल में चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

इधर घटना की जानकारी मिलने के बाद लातेहार अंचल अधिकारी नंदकुमार राम ने राजस्व कर्मचारी के नेतृत्व में अंचल कार्यालय की एक टीम को अस्पताल भेज कर पूरे मामले की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि आकाशीय बिजली गिरने से दो युवकों की मौत की जानकारी मिली है। मृतकों के परिजनों को सरकारी प्रावधान के तहत सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव कुमार