भुरकुंडा में दो दुकानों में हुई चोरी, दोनों चोर धराए
रामगढ़, 12 जुलाई (हि.स.)। रामगढ़ जिले के भुरकुंडा ओपी क्षेत्र में दो दुकानों में चोरी हुई थी। एक दुकान से मोबाइल की चोरी की गई थी, तो दूसरी घटना में किराना दुकान में चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया था। इन दोनों मामलों में पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की और 24 घंटे में दोनों चोरों को पकड़ लिया।
भुरकुंडा ओपी प्रभारी उपेंद्र कुमार ने रविवार को बताया कि 11 जुलाई की शाम में भुरकुंडा बाजार स्थित सूरज मोबाइल एजेंसी से आईफोन 14 प्रो की चोरी की गई थी। मोबाइल के साथ एक आराेपित रामगढ़ थाना क्षेत्र के सिरका एमपीआई कॉलोनी निवासी विनय कुमार को 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया।
भुरकुंडा सेंट्रल सौंदा स्थित मां छिन्नमस्तिके किराना दुकान में हुई चोरी की घटना को अंजाम देने वाले चोर रेलवे साइडिंग टिप्ला निवासी देव कुमार राम को चोरी किए गए मोबाइल के साथ गिरफ्तार किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश