नीदरलैंड से एलएसडी मंगाने वाले दो छात्र रिमांड पर, पोस्ट ऑफिस से नई खेप बरामद
रांची, 24 मार्च (हि.स.)। रांची में नशे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार तेज होती जा रही है। पंडरा ओपी क्षेत्र में एलएसडी ड्रग्स (लाइसर्जिक एसिड डाइएथाइलामाइड) मामले में गिरफ्तार दो आरोपितों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई, जिसमें चौंकाने वाले खुलासे सामने आए हैं। पूछताछ में यह बात सामने आई है कि रांची में एलएसडी की सप्लाई सीधे विदेश से की जा रही थी।
कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय के नेतृत्व में चल रही जांच के दौरान पुलिस ने दो आरोपितों कुमार अभिषेक और अविनाश कुमार मिश्रा को रिमांड पर लिया है। पूछताछ के दौरान उनकी निशानदेही पर हेहल उप डाकघर से ड्रग्स की एक और खेप बरामद की गई।
बताया जा रहा है कि अभिषेक बीटेक का छात्र है, जबकि अविनाश बीकॉम का छात्र है। दोनों तकनीकी जानकारी का इस्तेमाल कर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ड्रग्स मंगाने का नेटवर्क चला रहे थे।
जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपित डार्क वेब के जरिए ड्रग्स ऑर्डर करते थे और भुगतान के लिए क्रिप्टोकरेंसी का इस्तेमाल करते थे, ताकि उनकी पहचान छुपी रहे। ड्रग्स की सप्लाई नीदरलैंड से पोस्ट के जरिए मंगाई जाती थी। फिलहाल पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और स्थानीय नेटवर्क की जांच में जुटी है, साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि रांची में इनके ग्राहक कौन-कौन थे।
डीएसपी प्रकाश सोय के अनुसार, हाल में बरामद एलएसडी की कीमत करीब 4 लाख रुपये आंकी गई है। इससे पहले भी इस मामले में करीब 8 लाख रुपये का ड्रग्स जब्त किया जा चुका है। इस तरह अब तक कुल 12 लाख रुपये से अधिक का एलएसडी पुलिस के हाथ लग चुका है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे