अफीम के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
रांची, 25 जून (हि.स.)। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रांची पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली। ओरमांझी थाना क्षेत्र में पुलिस ने 12 किलोग्राम अफीम के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद अफीम की अंतरराष्ट्रीय और अवैध बाजार में कीमत करीब 50 से 70 लाख रुपये बताया जा रहा है।
ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी ने बताया कि रांची के वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन को गुप्त सूचना मिली थी कि बुंडू की ओर से एक कार में भारी मात्रा में अफीम लेकर तस्कर हजारीबाग की ओर जा रहे है। सूचना के बाद डीएसपी (मुख्यालय-1) अमर कुमार पाण्डेय और ओरमांझी थाना प्रभारी मनोज कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने रांची-रामगढ़ मार्ग स्थित एनएच-20 पर भेड़ा पुल के समीप सघन वाहन जांच शुरू की। इसी दौरान यूपी नंबर की एक सिल्वर रंग की वर्ना कार को रोकने का संकेत दिया गया, लेकिन चालक वाहन लेकर भागने लगा। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी की और कुछ ही दूरी पर कार को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान कार की चालक सीट और सहचालक सीट के पीछे बने विशेष गुप्त खांचे से पांच पैकेट अफीम बरामद किए गए। इनमें तीन पैकेटों में 7 किलोग्राम और दो पैकेटों में 5 किलोग्राम अफीम जब्त किया गया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान रॉबिन राज (19) और सुखलाल मुंडा (24) के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके पास से दो मोबाइल फोन और वाहन की चाबियां भी जब्त की हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि सुखलाल मुंडा के खिलाफ पहले से एक गंभीर आपराधिक मामला दर्ज है। पुलिस ने अफीम, यूपी नंबर की वर्ना कार, मोबाइल फोन और अन्य सामान जब्त कर दोनों आरोपितों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। तस्करी के नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की पहचान के लिए आगे की जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे