रांची में एनसीबी और पुलिस के संयुक्त अभियान में 200 किलो गांजा बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार
रांची, 28 नवंबर (हि.स.)। राजधानी रांची में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) और रांची पुलिस ने शुक्रवार देर रात संयुक्त अभियान चलाकर करीब 200 किलोग्राम गांजा बरामद किया। टीम ने मौके से दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।
गुप्त सूचना के आधार पर एनसीबी और रांची पुलिस की संयुक्त टीम ने तमाड़ थाना क्षेत्र के डोड़ेया मोड़ के पास घेराबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान एक संदिग्ध पिकअप वैन को रोककर तलाशी ली गई। वैन में छिपाकर रखा गया करीब दो क्विंटल गांजा बरामद हुआ।
जांच में पता चला कि गांजा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही पिकअप वैन पर ओडिशा का रजिस्ट्रेशन नंबर लगा था। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने वैन के चालक और उसके एक सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया।
फिलहाल एनसीबी और पुलिस की टीम गिरफ्तार दोनों आरोपितों से पूछताछ कर रही है। गांजा की खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे