सड़क हादसे में मेट सहित दो की मौत, विरोध में सडक जाम
दुमका, 15 जुलाई (हि.स.)। जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में बुधवार को अलग-अलग हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। चोरकटटा में ईंट लदे ट्रैक्कर की टक्कर से बाइक चालक हरिलाल मिर्धा (45) और हाईवा की टक्कर से टोटो के पलटने से रामगढ़ निवासी मार्शल हेंब्रम (45) की मौत हो गई।
मार्शल की मौत से नाराज लोगों ने दोपहर में दुमका- पाकुड़ मार्ग को जाम कर दिया। समाचार लिखे जाने तक मार्ग जाम था। पुलिस लोगों को समझाकर शव को लेने का प्रयास कर रही थी। पहली घटना के अनुसार मसलिया के कठलिया पंचायत के बांसजोरा गांव का हरिलाल मेट था जो मजदूरों को काम के सिलसिले में बाहर भेजता था। सुबह वह मजदूरों की तलाश में दुमका आ रहा था। चोरकटटा के पास सामने से ईंट लेकर आ रहे ट्रैक्टर ने बाइक में सीधी ठोकर मार दी जिसमें हरिलाल गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे मेडिकल कालेज अस्पताल लाया गया, जहां जांच के बाद चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। नगर थाना की पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।
वहीं मुफस्सिल थाना क्षेत्र के नकटी गांव के पास दोपहर में कोयला लदे हाईवा ने टोटो में टक्कर मार दी। टोटो के पलट जाने से सवार मार्शल हेंब्रम की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर भाग गया। गुस्साए लोगों ने एक करोड़ मुआवजा सहित तीन अन्य मांग को लेकर मार्ग जाम कर दिया।
बताया जाता है कि मार्शल का बेटा और बेटी लेटो गांव के लिटिल एंजिल स्कूल में पढ़ते हैं। दोनों लेटो गांव में ही मामा के साथ रहते हैं। मार्शल बच्चों के लिए टोटो से चावल लेकर आ रहा था। नकटी गांव के पास कोयला लेकर जा रहे हाईवा ने टोटो में ठोकर मार दी। टक्कर लगने के बाद टोटो पलग गया और दब जाने के कारण मार्शल की मौत हो गई। इससे नाराज लेटो गांव के लोगों ने दुमका-पाकुड़ पथ को जाम कर दिया। उनका कहना था कि जब तक बीजीआर कंपनी एक करोड़ मुआवजा, कोयला ट्रकों का परिचालन बंद और स्थल पर ब्रेकर नहीं बनाती है तब तक जाम समाप्त नहीं होगा। थाना प्रभारी जगन्नाथ धान की ओर से लोगों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नीरज कुमार