बर्थडे मना कर बाइक से लौट रहे थे दो दोस्त, दुर्घटना में दोनों की मौत
रामगढ़, 03 जून (हि.स.)। जिले के बासल थाना क्षेत्र अंतर्गत एक सड़क हादसे में बाइक पर सवार दो दोस्तों की मौत हो गई। यह हादसा सियारी टोला के पास फोरलेन सड़क पर ही हुई। जानकारी के अनुसार बर्थ-डे मना कर बाइक से लौट रहे दो दोस्तों की खुशी अचानक से मातम में बदल गई। अत्यधिक गति से चल रही बाइक डिवाइडर से टकराकर सीधे दीवार में जा टकराई।
इस हादसे में दोनों युवकों की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। बुधवार को जब ग्रामीण वहां पहुंचे तो दोनों का शव देखकर पुलिस को सूचना दी। मृतकों की पहचान भुरकुंडा ओपी क्षेत्र के सौंदा डी निवासी अभिषेक शर्मा उर्फ संदीप कुमार और उसके दोस्त शक्ति नगर निवासी राहुल कुमार के रूप में हुई है।
परिजनाें के अनुसार अभिषेक शर्मा उर्फ संदीप का 02 जून को जन्मदिन था। इसी मौके पर वह अपने दोस्त राहुल कुमार के साथ पतरातू डैम के पास एक होटल में पार्टी मनाने गया था। पार्टी मनाने के बाद वे लोग देर रात अपनी बाइक से घर लौट रहे थे। बालकुदरा- गेगदा- पतरातू -भुरकुंडा फोर लेन सड़क पर सियारी टोला के पास उनकी बाइक अनियंत्रित हुई और डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों युवक उछल कर सड़क के किनारे एक अर्ध निर्मित मकान की दीवार से टकरा गए। इस हादसे में वे लोग गंभीर रूप से घायल हो गए और सड़क के किनारे ही काफी देर तक पड़े रहे।
बुधवार की सुबह स्थानीय लोगों की नजर उन पर पड़ी। तब तक उन दोनों की मौत हो चुकी थी। दोनों युवकों की मौत की खबर मिलते ही सौंदा डी इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। दोनों युवकों के परिजनों के बीच मातम पसर गया। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने दोनों शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश