मेगा स्पेशलाइज्ड कार्डियोलॉजी और पल्मोनोलॉजी क्लिनिक आयोजित
रामगढ़, 29 जून (हि.स.)। शहर के रांची रोड स्थित दी होप हॉस्पिटल में सोमवार को दो दिवसीय मेगा स्पेशलाइज्ड कार्डियोलॉजी और पल्मोनोलॉजी क्लिनिक का समापन किया गया। इस विशेष शिविर का संचालन हैदराबाद स्थित देश के चिकित्सा संस्थान एशियन इंस्टीट्यूट ऑफ गैस्ट्रोएंटरोलॉजी (एआईजी) के वरिष्ठ विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम की ओर से किया गया।
इस दौरान शिविर में हृदय रोग विभाग का नेतृत्व एआईजी हॉस्पिटल के वरिष्ठ इंटरवेंशनल कार्डियोलॉजिस्ट डॉ ए उदय किरण ने किया। डॉ किरण ने मरीजों की गहन जांच, ईसीजी, इकोकार्डियोग्राफी की रिपोर्ट देखकर परामर्श दिया और हृदय संबंधी जटिल बीमारियों पर महत्वपूर्ण सलाह दी।
फेफड़ा रोग विभाग वरिष्ठ पल्मोनोलॉजिस्ट डॉ निशांत सिन्हा ने सांस, दमा, सीओपीडी, पोस्ट-कोविड फेफड़े की समस्याओं और अन्य श्वसन रोगों से पीड़ित मरीजों का परीक्षण किया। पीएफटी, एक्स-रे जैसी जांचों के आधार, पर मरीजों को उपचार और जीवनशैली संबंधी मार्गदर्शन दिया गया।
दो दिवसीय शिविर में रामगढ़, हजारीबाग, बोकारो सहित आसपास के जिलों से 50 से अधिक मरीजों ने पंजीकरण कराकर विशेषज्ञ सेवाओं का लाभ उठाया। इस दौरान हॉस्पिटल में मरीजों की ईसीजी, 2 डी इको, ट्रेडमिल टेस्ट, पल्मोनरी फंक्शन टेस्ट जैसी सभी जरूरी जांचें रियायती दरों पर उपलब्ध कराई गईं। साथ ही डॉक्टरों ने मरीजों को हार्ट अटैक के शुरुआती लक्षण, उच्च रक्तचाप नियंत्रण, धूम्रपान के दुष्प्रभाव और फेफड़ों को स्वस्थ रखने के उपायों के बारे में विस्तार से बताया।
मौके पर दी होप हॉस्पिटल के निदेशक दीपक जैन ने कहा कि हमारा उद्देश्य रामगढ़ के लोगों को उनके शहर में ही विश्वस्तरीय सुपर-स्पेशलिटी इलाज उपलब्ध कराना है। एआईजी हैदराबाद जैसे संस्थान के साथ यह साझेदारी इसी दिशा में एक बड़ा कदम है। मरीजों को अब कार्डियक और पल्मोनरी इलाज के लिए मेट्रो शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी हर महीने के तीसरे शुक्रवार को विशेष ओपीडी क्लिनिक आयोजन किया जाएगा। जिससे स्थानीय लोगों के साथ साथ आस-पास के जिले के मरीजों को लाभ मिलेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश