देवघर से दो साइबर अपराधी गिरफ्तार, मोबाइल और सिम बरामद
देवघर, 18 जुलाई (हि.स.)। देवघर पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक कैलाश प्रसाद महतो के नेतृत्व में मोहनपुर थाना क्षेत्र के चौपा जंगल में छापेमारी कर दोनों आरोपितों को पकड़ा गया।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ साइबर अपराधी फ्लिपकार्ट, अमेज़न, एयरटेल पेमेंट बैंक और गूगल पर फोनपे कस्टमर केयर प्रतिनिधि बनकर लोगों से ऑनलाइन ठगी कर रहे हैं। छापेमारी के दौरान पुलिस ने प्रहलाद कुमार राय (19) और गणेश मंडल (27) को गिरफ्तार किया। आरोपितों के कब्जे से दो मोबाइल फोन और एक सिम कार्ड बरामद किया गया। प्रारंभिक जांच में बरामद मोबाइल और सिम का उपयोग साइबर ठगी में किए जाने की पुष्टि हुई है। मामले में आगे की जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy