हथियार के साथ दो अपराधी गिरफ्तार
बाेकाराे, 14 जून (हि.स.)। नावाडीह थाना क्षेत्र के भेंडरा-बाराडीह गांव में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हथियार के साथ घूम रहे दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से एक देशी पिस्टल, सात जिंदा कारतूस तथा एक स्कूटी बरामद की गई है। मामले की जानकारी रविवार को नावाडीह थाना परिसर मे बेरमो एसडीपीओ ने प्रेसवार्ता आयोजित कर यह जानकारी दी।
एसडीपीओ ने बताया कि 13 जून की शाम पुलिस अधीक्षक बोकारो को सूचना मिली थी कि भेंडरा-बाराडीह गांव में दो आपराधिक प्रवृत्ति के युवक हथियार के साथ देखे गए हैं। सूचना के सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए नावाडीह थाना पुलिस और सशस्त्र बल की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। ग्रामीणों के सहयोग से दोनों संदिग्ध युवकों को पकड़कर उनकी तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान उनके पास से एक सिल्वर रंग का 7.65 एमएम का देशी पिस्टल, 7.65 एमएम केएफ अंकित सात जिंदा कारतूस तथा एक लाल रंग की होंडा डियो स्कूटी बरामद की गई। बरामदगी के बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपिताें की पहचान धनबाद जिले के बरोरा थाना क्षेत्र निवासी सूरज कुम्हार (24), और सागर कुमार रवानी (22) के रूप में हुई है।
इस संबंध में नावाडीह थाना (कांड संख्या 47/2026) दर्ज करते हुए आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है तथा गिरफ्तार दोनों आरोपिताें को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार सूरज कुम्हार के विरुद्ध बरोरा थाना में पूर्व से आपराधिक मामला दर्ज है। वहीं सागर कुमार रवानी के खिलाफ भी वर्ष 2023 में बरोरा थाना में मारपीट एवं अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज है।
छापेमारी दल में पुलिस अवर निरीक्षक राहुल कुमार राम, सहायक अवर निरीक्षक वीरकेश कुमार सिंह, हवलदार विवेक कुमार तथा आरक्षी सेख शोहराब शामिल थे।
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल कुमार