मांडर में पानी भरे गड्ढे में डूबने से दो बच्चों की मौत

 




रांची, 21 जून( हि.स.)। मांडर थाना क्षेत्र के करगे पंचायत अंतर्गत हूहूटोली में रविवार को एक हादसे में दो मासूम बच्चों की डोभा में डूबने से मौत हो गई।

खेत में खोदे गए गड्ढे (डोभा) में नहाने के दौरान दोनों बच्चे गहरे पानी में चले गए, जिससे उनकी मौत हो गई।

मृतकों की पहचान अंश महली (०६) और अंजी महली (०६) के रूप में हुई है। दोनों बच्चे आपस में ममेरा-फुफेरा भाई थे। स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार अंश महली, पिता पवन महली, निवासी हूहूटोली, मांडर के एक निजी विद्यालय वंडरलैंड स्कूल में लोअर प्रेप का छात्र था। वहीं अंजी महली, पिता गणेश महली, निवासी बाजपुर (रातू), एक निजी विद्यालय में नर्सरी कक्षा में पढ़ता था। रविवार सुबह करीब 10 बजे दोनों बच्चे घर से आम खाने के लिए निकले थे।

इसी दौरान वे घर से कुछ दूरी पर स्थित खेत में पानी के लिए खोदे गए गड्ढे के पास पहुंचे गए और नहाने लगे।

नहाते समय दोनों बच्चे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। पास में मौजूद 11 वर्षीय अनुज महली ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह सफल नहीं हो सका।

इसके बाद उसने दौड़कर गांव वालों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही गांव के बबलू महली मौके पर पहुंचे और काफी प्रयास के बाद दोनों बच्चों को गड्ढे से बाहर निकाला।

इसके बाद परिजन जल्द से जल्द दोनों बच्चों को इलाज के लिए मांडर स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

वहीं, घटना की सूचना मिलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। दोनों बच्चों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मासूम बच्चों के असमय निधन से गांव में मातम पसरा हुआ है।

मांडर थाना प्रभारी मनोज करमाली ने बताया कि यह घटना अत्यंत दुखद है। दोनों बच्चों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। बरसात की शुरुआत के साथ डोभा, तालाब और नदी-नाले पानी से भर चुके हैं। अभिभावक अपने बच्चों पर विशेष नजर रखें और उन्हें अकेले ऐसे स्थानों पर न जाने दें।

सतर्कता और सावधानी से ही इस प्रकार की दुखद घटनाओं को रोका जा सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे