ब्राउन शुगर के साथ दो गिरफ्तार

 


रांची, 27 अगस्त (हि.स.)। रांची के सुखदेवनगर थाना पुलिस ने रूगड़ीगढ़ा सरकारी फ्लैट के पास ब्राउन शुगर बेचते दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के पास से कुल 11.42 ग्राम ब्राउन शुगर और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

कोतवाली एएसपी निखिल राय ने गुरुवार को बताया कि सूचना मिली थी कि रूगड़ीगढ़ा सरकारी फ्लैट के पास ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर एक टीम का गठन किया गया।

पुलिस टीम मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद कुछ लोग भागने का प्रयास करने लगे। इसी दौरान पुलिस ने दो युवकों को पकड़ लिया। आरोपितों से पूछताछ में उनकी पहचान देव किशोर दूबे उर्फ रिशु दूबे (23), जिला पलामू और बादल गुप्ता (25 वर्ष), थाना रातू, रांची के रूप में हुई।

तलाशी के दौरान देव किशोर दूबे के पास से 5.61 ग्राम ब्राउन शुगर और एक रियलमी मोबाइल फोन, जबकि बादल गुप्ता के पास से 5.81 ग्राम ब्राउन शुगर और एक वनप्लस मोबाइल फोन बरामद किया गया। इसके बाद पुलिस ने बरामद सामान को जब्त करते हुए दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। छापेमारी टीम में एएसपी कोतवाली निखिल राय, हेहल अंचल के अंचलाधिकारी धनश्याम राम, सुखदेवनगर थाना के थाना प्रभारी सुनील कुमार कुशवाहा सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल शामिल थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे