हथियार के साथ दो गिरफ्तार
रांची, 03 अक्टूबर (हि.स.)। नामकुम थाना क्षेत्र के हाईटेंशन ग्राउंड के पास पुलिस ने छापेमारी कर दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक दोनों के पास से एक पिस्टल, मैगजीन और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए। इसके अलावा चोरी की दो बाइक भी जब्त की गई हैं।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान छोटु उर्फ गुरफान खान और फरमान अंसारी उर्फ मनिया के रूप में हुई है।
डीएसपी अमर कुमार पांडेय ने शनिवार को बताया कि पूछताछ में दोनों आरोपितों ने एक बाइक हिंदपीढ़ी और दूसरी मौलाना आजाद कॉलोनी से चोरी करने की बात स्वीकार की है। साथ ही बरामद हथियार का इस्तेमाल छिनतई और लूट की घटनाओं में किया जाता था।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार छोटु के खिलाफ नामकुम, हिंदपीढ़ी, सदर, लोअर बाजार, लालपुर, कोतवाली, पुंदाग, अरगोड़ा और रातू थाना में हत्या, रंगदारी, आर्म्स एक्ट, हत्या के प्रयास, चोरी और छिनतई सहित 17 मामले दर्ज हैं। वहीं फरमान अंसारी के खिलाफ जगन्नाथपुर, अरगोड़ा और डेली मार्केट थाना में लूट, चोरी और छिनतई के 4 मामले दर्ज होने की जानकारी दी गई है। दोनों के खिलाफ नामकुम थाना में मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है और पुलिस घटना में शामिल अन्य लोगों की तलाश में छापेमारी कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे