जमीन कारोबारी भार्गव सिंह हत्याकांड में पुलिस ने दो अपराधियों को गिरफ्तार किया

 


रांची, 22 अप्रैल (हि.स.)। रांची पुलिस ने जमीन कारोबारी भार्गव सिंह हत्याकांड मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों में विजय टेटे और सत्यम पाठक शामिल है।

सिटी एसपी पारस राणा ने बुधवार को प्रेस वार्ता में बताया कि रांची पुलिस को जानकारी मिली थी कि हत्या की वारदात को अंजाम देकर अपराधी रांची से बाहर भागने की फिराक में है। जिसके बाद पुलिस ने जांच अभियान चलाया और दो आरोपितों को गिरफ्तार किया।

साथ ही पुलिस ने इनके निशानदेही पर दो हथियार, आठ गोली, एक खोखा, एक पॉकेट डायरी, तीन मोबाइल, फर्जी आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर कार्ड, एडमिट कार्ड, 5980 नगद रुपया और एक मास्क बरामद किया है। गिरफ्तार अपराधी सत्यम पाठक पर रांची के नामकुम, डोरंडा, कोतवाली और विधानसभा थाना में पूर्व से एफआईआर दर्ज है।

उल्लेखनीय है कि मंगलवार को सुबह भार्गव सिंह की जमीन विवाद और पैसे की लेनदेन की वजह से हत्या कर दी गई थी। भार्गव सिंह से पहले कॉल कर पूछा गया कि कहां हो। जिसके बाद भार्गव सिंह ने बताया की मनोकामना मंदिर में है। इसके बाद बाइक सवार अपराधी मनोकामना मंदिर के नजदीक पहुंचे और जमीन कारोबारी भार्गव सिंह के पीठ में एक गोली मार दी। गोली मारने के बाद अपराधी घटनास्थल से भाग गए। वहीं, भार्गव सिंह को नजदीकी अस्पताल भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे पारस अस्पताल रेफर कर दिया। इलाज के क्रम में भार्गव सिंह की मौत हो गई थी। इस हत्याकांड का मुख्य वजह जमीन विवाद और पैसे की लेनदेन बताया जा रहा है।

घायल अपराधी सत्यम पाठक का रिम्स में चल रहा इलाज

बुधवार सुबह रांची पुलिस और अपराधी सत्यम पाठक के बीच पंडरा ओपी इलाके में मुठभेड़ हुई थी। इस मुठभेड़ में सत्यम पाठक के पैर में दो गोली लगी। वहीं, एक पुलिसकर्मी घायल हो गए। इस मुठभेड़ में घायल अपराधी सत्यम पाठक का कड़ी सुरक्षा के बीच रिम्स में इलाज चल रहा है। सत्यम पाठक रांची पुलिस की गिरफ्त में है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे