ब्राउन शुगर के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

 


लोहरदगा, 28 जून (हि.स.)। लोहरदगा थाना पुलिस ने ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री और सेवन की सूचना पर बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने अलीनगर स्थित एक खाली मकान में छापेमारी कर दोनों आरोपितों को रंगे हाथों पकड़ा। उनके पास से जांच के बाद 7.40 ग्राम ब्राउन शुगर, एक मोबाइल फोन और 3,015 रुपये नकद बरामद किए गए।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों की पहचान टोरी थाना क्षेत्र निवासीइसरोज अंसारी उर्फ हेदर (27 ) और हिरही बड़काटोली निवासी जावेद अंसारी उर्फ बिल्ला (25 ) के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ लोहरदगा थाना कांड संख्या 89/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 17(बी), 21(बी), 22(बी) एवं 29के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।

रविवार को दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

पुलिस ने बताया कि आरोपितों के पास से ब्राउन शुगर के तीन बड़े और 20 छोटे पुड़िया, एक वीवो एंड्रॉयड मोबाइल फोन तथा 3,015 रुपये नकद बरामद हुए हैं।

जांच में यह भी सामने आया कि दोनों आरोपितों का आपराधिक इतिहास रहा है।

इसरोज अंसारी पर पूर्व से लोहरदगा थाना में मामला दर्ज है, जबकि जावेद अंसारी के खिलाफ लोहरदगा, पतरातू और कुडू थाना में चोरी, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं के तहत कई मामले दर्ज हैं।

यह छापेमारी सदर अंचलाधिकारी रामनारायण खलखो की उपस्थिति में की गई। अभियान का नेतृत्व लोहरदगा थाना प्रभारी के साथ पुलिस पदाधिकारियों और सशस्त्र बल ने किया। पुलिस ने कहा कि जिले में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोपी कृष्ण कुँवर