ब्राउन शुगर के साथ दो आरोपित गिरफ्तार

 


देवघर, 30 जून (हि.स.)। रिखिया थाना पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री में संलिप्त दो युवकों को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

इस संबंध में पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि रिखिया थाना क्षेत्र के ग्राम जरुआडीह स्थित एक नवनिर्मित मकान में कुछ लोग ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री कर रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।

विशेष टीम ने छापेमारी कर ब्राउन शुगर की बिक्री करने पहुंचे दो आरोपितों को रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान पवन कुमार (20) और सोनू कुमार माहथा (19) के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के पास से 3.35 ग्राम ब्राउन शुगर (पुड़िया सहित) और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। देवघर पुलिस ने कहा कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy