लूट मामले में दो आरोपित गिरफ्तार
रांची, 20 सितंबर (हि.स.)। राजधानी रांची में फल लदे ट्रक के चालकों से चाकू के बल पर लूटपाट करने वाले दो आरोपितों को अरगोड़ा थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के पास से लूटा गया मोबाइल फोन, नकद रुपये, चाकू और घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद किया है।
सिटी एसपी पारस राणा ने रविवार को बताया कि 20 सितंबर की सुबह करीब 4:30 बजे मोटरसाइकिल सवार दो अपराधियों ने दो फल लदे ट्रकों के चालकों को चाकू का भय दिखाकर लूटपाट की।
घटना की सूचना मिलते ही अरगोड़ा थाना की पुलिस गश्ती टीम सक्रिय हुई और आरोपिताें का पीछा शुरू किया। पुलिस टीम ने मोटरसाइकिल को रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोपितों ने गश्ती में तैनात एसआई मुकेश कुमार उपाध्याय को धक्का मारकर गिरा दिया। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने बहादुरी दिखाते हुए पीछा जारी रखा और दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान अमन कुमार, किशोरगंज निवासी और अमन तिवारी, कांके निवासी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की जांच की जा रही है और गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ के आधार पर अन्य घटनाओं में उनकी संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
ब्राउन शुगर के साथ एक आरोपित गिरफ्तार
वहीं, दूसरी ओर अरगोड़ा थाना पुलिस ने हरमू रोड स्थित जतरा मैदान के पास मादक पदार्थ ब्राउन शुगर की खरीद बिकी पर छापेमारी की ।
वरीय पुलिस अधीक्षक राकेेश रंजन काे मिली गुप्त सूचना के आधार पर हटिया वरीय पुलिस उपाधीक्षक नीरज के नेतृत्व मे एक टीम का गठन कर छापेमारी किया गया।
छापेमारी के दौरान सुशांत कुमार कर्ण को ब्राउन शुगर की खरीद बिकी करने के आरोप में विधिवत गिरफ्तार किया गया।
इसके पास से ब्राउन शुगर 06 पुड़िया (1.79 ग्राम), रेडमी कंपनी का मोबाईल 1 पीस और 1000 रुपये बरामद किये गये है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे