बृजेश गंझू की मौत के विरोध में टीएसपीसी ने सात जिलों में बंद का किया ऐलान

 


चतरा, 23 सितंबर (हि.स.)। नक्सली संगठन टीएसपीसी के सुप्रीमो बृजेश गंझू की वाराणसी में पुलिस मुठभेड़ में मौत के बाद संगठन ने इसे कथित फर्जी एनकाउंटर बताते हुए 24 से 26 सितंबर तक सात जिलों में बंद का आह्वान किया है। संगठन की लोहरदगा, लातेहार, महुआडांड़, गारूसीमा, गुमला और पलामू सीमांत जोनल कमिटी की ओर से जोनल कमांडर नथुनी के नाम से यह बयान जारी किया गया है।

बयान के अनुसार, बंद का असर चतरा, हजारीबाग, पलामू, लातेहार, गढ़वा, लोहरदगा और गुमला जिलों में रहेगा। संगठन ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए मामले की न्यायिक जांच की मांग की है।

संगठन ने दावा किया है कि 10 सितंबर को बृजेश गंझू की रीजनल कमांडर शशिकांत और जोनल कमांडर नथुनी से बातचीत हुई थी। इसके बाद 16 सितंबर को पुलिस ने केरेडारी के जंगल से उसे पकड़ लिया। संगठन का आरोप है कि इसके बाद उसकी काफी तलाश के बावजूद कोई सुराग नहीं मिला।

बयान में दावा किया गया है कि 20 सितंबर को वाराणसी में बृजेश गंझू की हत्या कर दी गई। संगठन ने पुलिस की मुठभेड़ कार्रवाई को फर्जी बताते हुए न्यायिक जांच की मांग की है।

बयान में पुलिस कार्रवाई और न्यायिक प्रक्रिया से जुड़े अन्य सवाल भी उठाए गए हैं। हालांकि, संगठन की ओर से लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।---------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेन्द्र तिवारी