अल्बर्ट एक्का की 83 वीं जयंती पर राष्ट्रीय युवा शक्ति ने दी श्रद्धांजलि
रांची, 27 दिसंबर (हि.स.)। परमवीर चक्र विजेता लांस नायक अल्बर्ट एक्का की 83वीं जयंती के अवसर पर शुक्रवार को राष्ट्रीय युवा शक्ति के केंद्रीय अध्यक्ष उत्तम यादव के नेतृत्व में मेन रोड स्थित परमवीर अल्बर्ट एक्का चौक पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस अवसर पर संगठन के पदाधिकारी और युवाओं ने परमवीर अल्बर्ट एक्का की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर दीप प्रज्वलित किया और उनके अदम्य साहस को नमन किया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि परमवीर अल्बर्ट एक्का देश के उन वीर सपूतों में से हैं, जिन्होंने मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दी। उनका जीवन आज की पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है। मौके पर युवाओं से उनके बलिदान, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति से सीख लेने का आह्वान किया गया।
उल्लेखनीय है कि लांस नायक अल्बर्ट एक्का का जन्म 27 दिसंबर 1942 को झारखंड के गुमला जिले के जारी गांव में हुआ था। वे भारतीय सेना की ब्रिगेड ऑफ द गार्ड्स (14 गार्ड्स) में कार्यरत थे। वर्ष 1971 के भारत–पाकिस्तान युद्ध में गंगासागर की लड़ाई के दौरान उन्होंने अद्वितीय साहस का परिचय देते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया, जिसके लिए उन्हें मरणोपरांत भारत के सर्वोच्च सैन्य सम्मान परमवीर चक्र से सम्मानित किया गया।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में सावन लिंडा, शैलेश नंद तिवारी, वीरेंद्र गोप, नितेश वर्मा, विनय सिंह, अजीत सिंह, निखिल गुप्ता, रोहित यादव, शुभम विश्वकर्मा, रवि सिंह सहित अन्य मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar