राणा संग्राम सिंह की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा
रांची, 08 सितंबर (हि.स.)। पूर्व राष्ट्रीय इंटक सचिव एवं हटिया प्रोजेक्ट वर्कर्स यूनियन के पूर्व महामंत्री राणा संग्राम सिंह की पुण्यतिथि पर मंगलवार को यूनियन कार्यालय परिसर में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। सभा की अध्यक्षता यूनियन के कार्यकारी अध्यक्ष कर्ण सिंह राठौर ने की।
यूनियन के अध्यक्ष राणा प्रताप सिंह ने कहा कि राणा संग्राम सिंह का मूल सिद्धांत कारखाने को बचाते हुए मजदूरों को उनका हर हक दिलाना था। उन्होंने कहा कि राणा संग्राम सिंह ने एचईसी को बचाने और मजदूरों के अधिकारों के लिए योद्धा की तरह संघर्ष किया।
राणा प्रताप सिंह ने कहा कि यूनियन प्रबंधन और मजदूरों को विश्वास दिलाती है कि आगे भी वह राणा संग्राम सिंह के सिद्धांतों और विचारों पर चलते हुए मजदूर हित में संघर्ष जारी रखेगी।
श्रद्धांजलि सभा में एचईसी के कार्मिक निदेशक केके घोष, कार्मिक प्रमुख प्रशांत कुमार, पूर्व कार्मिक प्रमुख दीपक दुबे, नगर प्रशासक बिमल कुमार, एचएमबीपी एवं एफएफपी कार्मिक प्रमुख विमलेंदु कश्यप, राणा प्रताप सिंह, कर्ण सिंह राठौर, लीलाधर सिंह सहित एचईसी के कई अधिकारी, कर्मचारी और यूनियन पदाधिकारी मौजूद रहे।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak