नगर निगम कार्यालय के सभागार में श्रद्धांजलि सभा आयोजित

 


देवघर, 07 सितंबर (हि.स.)। झारखंड सरकार के दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के असामयिक निधन पर देवघर नगर निगम कार्यालय के सभागार में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान दिवंगत मंत्री के चित्र पर माल्यार्पण कर नगर निगम के अधिकारियों, पार्षदों एवं कर्मचारियों ने भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

मौके पर महापौर रबि राउत ने कहा कि मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू का असामयिक निधन राज्य, समाज और हम सभी के लिए अपूरणीय क्षति है। नगर विकास, उच्च शिक्षा और जनहित से जुड़े कार्यों में उनका योगदान महत्वपूर्ण रहा। उनका सौम्य, कर्मठ और मिलनसार व्यक्तित्व सदैव अविस्मरणीय रहेगा।

वहीं, नगर आयुक्त सुलोचना मीणा ने भी दिवंगत मंत्री के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उन्हें नमन किया। श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित सभी अधिकारियों, पार्षदों और कर्मचारियों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

सभा के दौरान बाबा बैद्यनाथ से प्रार्थना की गई कि वे पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिजनों, समर्थकों एवं शुभचिंतकों को इस कठिन समय में धैर्य और संबल प्रदान करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy